राज्यकर्मी के दर्जे को लेकर डाटा एंट्री ऑपरेटरों का जोरदार प्रदर्शन, सरकारी काम ठप करने की दी चेतावनी
भागलपुर, 01 नवंबर (हि.स.)। बिहार राज्य डाटा एंट्री ऑपरेटर संयुक्त मोर्चा की भागलपुर इकाई के बैनर तले रविवार को डाटा एंट्री ऑपरेटरों ने अपनी मांगों के समर्थन में भागलपुर समाहरणालय गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द से जल्द सेवा नियमित करते हुए राज्यकर्मी का दर्जा देने की मांग उठाई।
कर रहे ऑपरेटरों ने कहा कि वे वर्ष 1997 से राज्य के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में पूरी निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं। एक तरफ सरकार लगातार सरकारी कार्यालयों को डिजिटल और हाईटेक बनाने की बात कर रही है, लेकिन दूसरी तरफ वर्षों से इन विभागों को डिजिटल बनाने में रीढ़ की हड्डी बने डाटा एंट्री ऑपरेटरों की जायज मांगों पर कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है।
ऑपरेटरों का साफ तौर पर कहना है कि जब सरकार उनकी मूलभूत मांगों को ही पूरा नहीं कर रही है, तो सरकारी कार्यालयों को पूरी तरह डिजिटल बनाने का सरकार का सपना कैसे पूरा होगा?
संघ के जिला प्रवक्ता गौरव कुमार झा ने सरकार को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा, हम लोग पिछले कई वर्षों से लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन सरकार हमारी सुध नहीं ले रही है। अगर हमारी मांगों पर जल्द ही कोई सकारात्मक और ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो हम सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इसके साथ ही आने वाले दिनों में सभी सरकारी कार्यालयों के कामकाज को पूरी तरह से ठप कर दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।
प्रदर्शन के दौरान भारी संख्या में डाटा एंट्री ऑपरेटर समाहरणालय गेट पर मौजूद रहे और अपनी एकजुटता का परिचय दिया। इस आंदोलन के बाद अब देखना होगा कि सरकार इस दिशा में क्या कदम उठाती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

