home page

गिरफ्तार छात्रों की बिना शर्त रिहाई को लेकर धरना

 | 
गिरफ्तार छात्रों की बिना शर्त रिहाई को लेकर धरना


भागलपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। भागलपुर के अम्बेडकर चौक पर शुक्रवार को नागरिक समाज भागलपुर की ओर से एक दिवसीय धरना का आयोजन हुआ। धरना गिरफ्तार छात्रों की बिना शर्त रिहाई और सभी मुकदमों के निरस्तीकरण के लिये था। धरना में भागलपुर के वरिष्ठ गांधीवाद, मार्क्सवादी और अम्बेडकरवादी कार्यकर्ता शामिल थे। धरना महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो डॉ मनोज कुमार के नेतृत्व और निर्मल कुमार के संयोजकत्व में आयोजित हुआ। धरना स्थल पर एक सभा भी हुई जिसका संचालन उदय ने किया।

धरना को संबोधित करते हुए डॉ प्रो मनोज कुमार ने कहा कि हमारा संविधान शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने और अपनी मांग रखने का अधिकार देता है। छात्रों का आंदोलन बिल्कुल शांतिपूर्ण था। इसे प्रायोजित तरीके से सत्ता ने हिंसक बनाया। संचालन करते हुए उदय ने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार का आंदोलनों के प्रति नकारात्मक रुख है, इसलिए सरकार के मुखिया आंदोलनजीवी कहकर उपहास उड़ाते हैं और आंदोलन को दबाने, कुचलने और सबक सिखाने की फिराक में रहते हैं। दशरथ प्रसाद ने कहा कि सरकार ने आंदोलनकारियों के साथ वादा किया था कि आंदोलनकारियों पर से सभी मुकदमे वापस होंगे एवं गिरफ्तार लोग रिहा किए जायेंगे। लेकिन सरकार अपने वादे पूरा नहीं कर रही है। इससे फिर एक बड़े और व्यापक आंदोलन की संभावना बन रही है लव अनीता शर्मा और सरिता सिंहा ने कहा कि लड़कियों के साथ जंतर मंतर पर अभद्र व्यवहार किया गया। अगर यही स्थिति चलती रही तो स्थिति नियंत्रण से बाहर हो जाएगा और सरकार को संभालना मुश्किल हो जायेगा।

धरना स्थल पर तैनात अधिकारियों के माध्यम से एक मांग पत्र भी डीएम को दिया गया। जिसमें गिरफ्तार छात्रों की अविलंब और बिना शर्त रिहाई की मांग के साथ सभी मुकदमों को समाप्त करने की माँग की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर