मद्य निषेध दरोगा परीक्षा 12 जुलाई को, कटिहार में बनाए गए 10 केंद्र
कटिहार, 10 जुलाई (हि.स.)। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन विभाग में 'अवर निरीक्षक मद्य निषेध' (दरोगा) के 78 पदों पर नियुक्ति के लिए 12 जुलाई (रविवार) को प्रारंभिक लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसे शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त संपन्न कराने के लिए कटिहार के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को संयुक्तादेश जारी कर दिया है। परीक्षा के लिए जिले में कुल 10 केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षा एक ही पाली में सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक होगी। अभ्यर्थियों को सुबह 09:30 बजे तक केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट पहले यानी सुबह 10:30 बजे परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों को प्रवेश के लिए वैध ई-प्रवेश पत्र के साथ एक फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी केंद्राधीक्षकों और दंडाधिकारियों को निर्देश दिया है कि किसी भी केंद्र पर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, व्हाइटनर, इरेजर और ब्लेड जैसी सामग्री ले जाना पूर्णतः वर्जित है। परीक्षा को कदाचार मुक्त बनाने के लिए सभी केंद्रों के प्रवेश द्वार और कमरों में सीसीटीवी कैमरे और मोबाइल नेटवर्क ब्लॉक करने के लिए जैमर लगाए गए हैं। प्रवेश के समय महिला कर्मियों द्वारा महिला अभ्यर्थियों की और पुरुष कर्मियों द्वारा पुरुष अभ्यर्थियों की सघन जांच (फ्रिस्किंग) की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्रों के बाहर 200 मीटर के दायरे में बीएनएसएस की धारा 163 लागू रहेगी। केंद्रों पर जोनल सह गश्ती दंडाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी और पुलिस बलों की पर्याप्त तैनाती की गई है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को पूरी निष्ठा से ड्यूटी करने का निर्देश दिया है ताकि परीक्षा में कोई गड़बड़ी न हो। साथ ही केंद्रों पर पेयजल, फर्नीचर और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा परीक्षा के दिन यातायात को सुगम बनाए रखने के लिए पुलिस बल को विशेष निर्देश दिए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

