सेंट्रल जेल के कैदी की इलाज के दौरान मौत
भागलपुर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। भागलपुर सेंट्रल जेल में सजा काट रहे कैदी प्रमोद तांती की इलाज के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। प्रमोद तांती अपनी पत्नी की हत्या के मामले में पिछले चार वर्षों से जेल में बंद था। पहले वह जमुई जेल में निरुद्ध था लेकिन सुरक्षा कारणों से करीब छह माह पूर्व उसे भागलपुर सेंट्रल जेल में शिफ्ट किया गया था।
बताया जा रहा है कि करीब दस दिन पहले जेल प्रशासन ने परिजन को सूचना दी थी कि प्रमोद की तबीयत खराब हो गई है और उसे इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल मायागंज में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई। मृतक की मां सुकून देवी ने बताया कि बेटे की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने के बाद से परिवार चिंतित था। मौत की खबर मिलते ही घर में मातम छा गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

