home page

कमला बलान पश्चिमी तटबंध फेज-3 का प्रधानमंत्री ने किया लोकार्पण

 | 
कमला बलान पश्चिमी तटबंध फेज-3 का प्रधानमंत्री ने किया लोकार्पण


दरभंगा।, 21 नवंबर (हि.स.)। कमला बलान नदी की बाढ़ से प्रभावित कुशेश्वरस्थान क्षेत्र के लोगों के लिए शनिवार को राहत की महत्वपूर्ण पहल हुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वैशाली के जाफर पट्टी औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम से लाइव प्रसारण के माध्यम से कमला बलान पश्चिमी तटबंध के फेज-3 का लोकार्पण किया।

इस परियोजना के तहत पलवा से फुहिया तक 17.29 किलोमीटर लंबे तटबंध का 255.45 करोड़ रुपये की लागत से उच्चीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं पक्कीकरण किया गया है। इससे कुशेश्वरस्थान पूर्वी एवं पश्चिमी प्रखंड की 20 पंचायतों को बाढ़ से सुरक्षा मिलने की उम्मीद है। कमला बलान नदी के जलस्तर में वृद्धि के दौरान तटबंध की मजबूती क्षेत्र की बड़ी आबादी के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

तटबंध पर पक्की सड़क के निर्माण से बरसात के दिनों में आवागमन की समस्या भी कम होगी। इसके माध्यम से प्रखंड मुख्यालय और स्थानीय बाजारों तक पहुंच आसान होने के साथ मधुबनी, जयनगर और नेपाल तक आने-जाने में भी सहूलियत मिलेगी। बेहतर सड़क संपर्क से व्यापार, शिक्षा एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलने की संभावना है।

लोकार्पण के अवसर पर उसरी पुल के निकट आयोजित कार्यक्रम में एसडीओ शशांक राज, कार्यपालक अभियंता गुलाम गैस, बीडीओ प्रभा शंकर मिश्रा, सीओ राकेश रोशन भारती सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि तटबंध के सुदृढ़ीकरण से वर्षों से चली आ रही बाढ़ की समस्या और आवागमन की कठिनाइयों से काफी हद तक राहत मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra