home page

प्रेस क्लब के सुव्यवस्थित संचालन को लेकर डीपीआरओ ने मीडियाकर्मियों संग की बैठक, बनेगा पुस्तकालय व मीडिया सेंटर

 | 
प्रेस क्लब के सुव्यवस्थित संचालन को लेकर डीपीआरओ ने मीडियाकर्मियों संग की बैठक, बनेगा पुस्तकालय व मीडिया सेंटर


कटिहार, 26 नवंबर (हि.स.)। जिले के पत्रकारों को बेहतर कार्य वातावरण और संवाद का एक स्थायी मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को प्रेस क्लब भवन में जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी (डीपीआरओ) ने जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधियों के साथ एक विस्तृत बैठक की। बैठक में प्रेस क्लब भवन के सुचारू परिचालन, रख-रखाव, सदस्यता व्यवस्था और भविष्य की गतिविधियों को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान सर्वसम्मति से प्रेस क्लब में एक समृद्ध पुस्तकालय, वाचनालय और आधुनिक मीडिया सेंटर स्थापित करने का निर्णय लिया गया।

मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ने कहा कि पत्रकारों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर प्रेस क्लब भवन का निर्माण कराया गया है और अब इसे सुव्यवस्थित रूप से संचालित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब महज एक इमारत नहीं, बल्कि पत्रकारों के विचार-विमर्श, संवाद और सकारात्मक पत्रकारिता का प्रमुख केंद्र बनेगा, जहां से जिले के विकास से जुड़ी सकारात्मक खबरें निकलेंगी। बैठक में यह भी तय हुआ कि भवन में साफ-सफाई, बिजली, पेयजल और हाई-स्पीड इंटरनेट की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी तथा प्रेस कॉन्फ्रेंस, कार्यशालाओं व प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए सभागार का नियमित उपयोग किया जाएगा।

बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने प्रेस क्लब के बेहतर संचालन के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए और स्थायी मंच प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। डीपीआरओ ने सभी सुझावों पर सकारात्मक पहल करने तथा जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने मीडियाकर्मियों से जिले की विकासात्मक योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को प्रमुखता देने की अपील की। इस अवसर पर हिन्दुस्थान समाचार (समाचार एजेंसी) के विनोद कुमार सिंह, एबीपी के निरंजन सिंह, आज तक के बिपुल राहुल, न्यूज़-18 के सुब्रत गुहा, राष्ट्रीय सहारा के ठकनाथ झा, सहित बड़ी संख्या में स्थानीय पत्रकार उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह