home page

आपात स्थिति से निपटने की परखी गई तैयारी, इंटर हाई स्कूल में हुआ व्यापक मॉक ड्रिल

 | 
आपात स्थिति से निपटने की परखी गई तैयारी, इंटर हाई स्कूल में हुआ व्यापक मॉक ड्रिल


किशनगंज, 26 नवंबर (हि.स.)। जिले में आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने और जान-माल की क्षति को न्यूनतम करने के उद्देश्य से गुरुवार को इंटर हाई स्कूल, किशनगंज में व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर आयोजित इस अभ्यास में हवाई हमले सहित विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखा गया।

इसमें बिहार अग्निशमन सेवा, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), नागरिक सुरक्षा विभाग और एम्बुलेंस सेवा की टीमों ने भाग लिया। मॉक ड्रिल के दौरान आपात स्थिति में घटनास्थल पर शीघ्र पहुंचने, प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने तथा जरूरत पड़ने पर अस्पताल तक पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों की टीमों के बीच बेहतर तालमेल और समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। अभ्यास के माध्यम से आपातकालीन सेवाओं से जुड़े कर्मियों को उनकी जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया, ताकि वास्तविक घटना के समय बिना किसी देरी के प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

इस दौरान अग्निशमन कर्मियों, एसडीआरएफ के प्रशिक्षित जवानों और नागरिक सुरक्षा कर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्यों में अपनी भूमिका का प्रदर्शन किया। वहीं, एम्बुलेंस सेवा की तत्परता और चिकित्सा सहायता की व्यवस्था को भी परखा गया। कार्यक्रम के दौरान इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, किशनगंज की ओर से स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। मेडिकल टीम ने स्वास्थ्य सेवाओं और प्राथमिक उपचार की महत्ता को रेखांकित किया। आपदा की स्थिति में घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि आपदा प्रबंधन किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए सभी संबंधित विभागों, सुरक्षा एजेंसियों और स्वास्थ्य सेवाओं के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। नियमित मॉक ड्रिल से कर्मियों की कार्यक्षमता और आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने की क्षमता मजबूत होती है। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी, अग्निशमन विभाग के अधिकारी, एनडीआरएफ, स्काउट एवं गाइड, विद्यालय के प्रधानाचार्य तथा रेड क्रॉस सोसाइटी की मेडिकल टीम सहित अन्य कर्मी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह