बाबा हरिहरनाथ मंदिर में श्रावण के द्वितीय सोमवार को लेकर तैयारियां पूरी
सारण, 09 अगस्त (हि.स.)। सोनपुर विश्व विख्यात हरिहरक्षेत्र सोनपुर स्थित ऐतिहासिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर में श्रावण मास के द्वितीय सोमवार आगामी दस अगस्त को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गंडक और गंगा नदी के पावन संगम तट पर स्थित इस अद्वितीय मंदिर में, जहां भगवान विष्णु और भगवान शिव एक ही शिला में विराजमान हैं, श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना है।
पहली सोमवारी को लगी लंबी कतार को देखते हुए सारण जिला प्रशासन और मंदिर न्यास समिति ने सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी है। धक्का-मुक्की रोकने व सुचारू दर्शन तथा जलाभिषेक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बैरिकेडिंग का दायरा बढ़ाया गया है।
मंदिर परिसर, गर्भगृह एवं मुख्य प्रवेश-निकास द्वारों पर पर्याप्त संख्या में महिला व पुरुष पुलिस बल के साथ दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त पूरे मंदिर भवन और द्वारों को आकर्षक रंग-बिरंगी लाइटों व ताजे फूलों की मालाओं से भव्य रूप में सजाया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

