त्रिवेणीगंज में गर्भवती महिला की मौत, इलाज में लापरवाही के आरोपों की जांच होगी
सुपौल, 22 जुलाई (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के बघला वार्ड संख्या-09 निवासी मोहम्मद मुर्तुज की पुत्री गुलशन खातून की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई।
महिला गर्भवती थी और अचानक पेट में दर्द होने पर परिजन उसे सुबह त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद जीएनएम खुशबू कुमारी, एएनएम किरण कुमारी सिन्हा और पूनम कुमारी ने प्रारंभिक जांच की। इसके बाद ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार सुमन ने महिला की जांच की।
उन्होंने बताया कि मरीज का रक्तचाप और नाड़ी सामान्य थी, लेकिन शरीर में खून की अत्यधिक कमी थी। जांच में हीमोग्लोबिन का स्तर केवल 4 ग्राम पाया गया और महिला लेबर पेन में थी।डॉ. सुमन के अनुसार मरीज को सुबह 8:57 बजे अस्पताल में भर्ती किया गया। आवश्यक जांच और प्राथमिक उपचार के बाद सुबह 9:07 बजे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सुपौल रेफर कर दिया गया। उनका कहना है कि रेफर किए जाने के बावजूद परिजन काफी देर तक मरीज को अस्पताल से लेकर नहीं निकले, जिससे समय पर उच्च चिकित्सा सुविधा नहीं मिल सकी और महिला की जान नहीं बचाई जा सकी।
दूसरी ओर, घटना के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी तक इस संबंध में कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है।क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता ने बताया कि मृतका उनके कार्यक्षेत्र की निवासी नहीं थी। वह अपने ससुराल में रहती थी और घटना से दो-तीन दिन पहले ही मायके आई थी। इसी कारण उनकी नियमित गर्भावस्था जांच और स्वास्थ्य निगरानी आशा के माध्यम से नहीं हो सकी।त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मामले की आधिकारिक शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद परिवार और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

