home page

अकीदत के साथ अदा की गई अलविदा जुम्मे की नमाज,अमन चैन व खुशहाली की मांगी दुआ

 | 
अकीदत के साथ अदा की गई अलविदा जुम्मे की नमाज,अमन चैन व खुशहाली की मांगी दुआ


पूर्वी चंपारण,20 मार्च (हि.स.)।रमजान के मुबारक माह के आखिरी जुमा पर शुक्रवार को जिले भर में अलविदा जुमा की नमाज पूरे अकीदत, एहतराम के साथ अदा की गई। शहर की विभिन्न मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों की भीड़ उमड़ने लगी थी।

रोजेदारों और नमाजियों ने अल्लाह की बारगाह में सजदा कर मुल्क की सलामती, अमन-चैन, आपसी भाईचारे, खुशहाली और इंसानियत की तरक्की के लिए खास दुआएं मांगीं।

नमाज के बाद सामूहिक रूप से दुआ कर रोजेदारों ने आमीन कहा और पूरे वातावरण में रूहानियत का रंग छाया रहा।मोतिहारी शहर के मुख्य पथ स्थित बड़ी मस्जिद व छोटी मस्जिद के साथ विभिन्न मस्जिदो में अलविदा की नमाज़ अदा की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नमाज़ियों ने मस्जिद में पहुंचकर नमाज़ अदा कर देश व दुनिया में अमन-चैन तथा खुशहाली की दुआ मांगी।

इसकी जानकारी मस्जिद के इमाम मुफ्ती जैद अहमद कासमी ने देते हुए कहा कि रमजान का महीना इस्लाम में बेहद पाक और बरकत वाला महीना माना जाता है। पूरे एक महीने तक रोज़ा रखकर इबादत की जाती है, जिसमें लोग अल्लाह की इबादत, नमाज़, तिलावत और जरूरतमंदों की मदद करते हैं। इमाम ने बताया कि रमजान का अंतिम शुक्रवार “अलविदा जुमा” के नाम से जाना जाता है, जिसे मुस्लिम समुदाय के लोग विशेष महत्व के साथ मनाते हैं। इस दिन नमाज़ के दौरान लोग अपने गुनाहों की माफी मांगते हैं और समाज में भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखने की दुआ करते हैं।

नमाज़ के बाद मस्जिद परिसर और आसपास के इलाकों में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से भी आवश्यक व्यवस्था की गई थी। इस दौरान स्थानीय लोगों ने आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार