केवीके में उन्नत किस्म का आलू बीज 20 रूपये प्रति किलो के दर से किसानों को होगी उपलब्ध
अररिया 21 अक्टूबर(हि.स.)। अररिया के किसानों को उन्नत आलू बीज के लिए ज्यादा पैसे खर्च नहीं करने होंगे। कृषि विज्ञान केंद्र अररिया में उन्नत किस्म का आलू बीज 20 रुपए प्रति किलो की दर से उपलब्ध है। बीज सीमित मात्रा में हैं, इसलिए किसानों को पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा।
कृषि विज्ञान केंद्र के अनुसार, यहां यूसी मैप किस्म का आलू बीज उपलब्ध है। इसकी कीमत 20 रुपए प्रति किलो तय की गई है। स्टॉक सीमित होने के कारण किसानों से जल्द बीज लेने की अपील की गई है, ताकि उपलब्धता खत्म होने से पहले वे इसका लाभ उठा सकें।आलू की खेती में बीज की गुणवत्ता अहम होती है। अच्छे बीज से फसल की शुरुआत बेहतर हो सकती है।
हालांकि, बेहतर उत्पादन के लिए समय पर बुवाई, उचित खाद, सिंचाई और फसल की देखभाल भी जरूरी है।उन्नत बीज के साथ खेती के सही तरीकों को अपनाकर किसान उत्पादन बढ़ाने की कोशिश कर सकते हैं।
आलू की खेती की तैयारी कर रहे किसान कृषि विज्ञान केंद्र पहुंचकर बीज प्राप्त कर सकते हैं। केंद्र जाने से पहले किसानों को बीज की उपलब्धता, वितरण के समय और खरीद की प्रक्रिया के बारे में जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

