home page

ठाकुरगंज नगर पंचायत में आठ माह से कार्यपालक पदाधिकारी का पद खाली, पार्षदों में रोष

 | 
ठाकुरगंज नगर पंचायत में आठ माह से कार्यपालक पदाधिकारी का पद खाली, पार्षदों में रोष


किशनगंज, 20 मार्च (हि.स.)। जिले के ठाकुरगंज नगर पंचायत में पिछले आठ महीनों से पूर्णकालिक कार्यपालक पदाधिकारी की नियुक्ति नहीं होने से विकास कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गए हैं। इसको लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष सिकंदर पटेल सहित मुख्य पार्षद व सभी पार्षदों में गहरी नाराजगी व्याप्त है।

इस संबंध में पार्षदों ने बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को पत्र लिखकर अविलंब पूर्णकालिक कार्यपालक पदाधिकारी की नियुक्ति की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि 23 मार्च तक उनकी मांग पूरी नहीं की गई, तो वे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे। नगर पंचायत अध्यक्ष सिकंदर पटेल ने बताया कि विभाग की लगातार अनदेखी के कारण पिछले आठ महीनों से स्थायी कार्यपालक पदाधिकारी की नियुक्ति नहीं हो सकी है।

इसके चलते जनकल्याणकारी योजनाएं और विकास कार्य ठप पड़े हैं। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे आम जनता का आक्रोश जनप्रतिनिधियों को झेलना पड़ रहा है। वहीं प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी मनीषा कुमारी ने बताया कि वे पौआखाली का भी प्रभार संभाल रही हैं और सप्ताह में तीन दिन ठाकुरगंज में उपलब्ध रहती हैं। उन्होंने कहा कि कई योजनाएं प्रस्तावित हैं और उन पर कार्य जारी है। हालांकि पार्षदों का कहना है कि प्रभारी व्यवस्था पर्याप्त नहीं है और इससे विकास कार्यों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, पूर्व कार्यपालक पदाधिकारी के स्थानांतरण के बाद 15 अगस्त 2025 से यह पद रिक्त है, लेकिन अब तक विभागीय स्तर पर कोई आदेश जारी नहीं हुआ है।

पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे सामूहिक इस्तीफा देने पर भी विचार कर सकते हैं।हिन्दुस्थान समाचार/धर्मेन्द्र सिंह

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह