home page

जनगणना 2027 की तैयारी तेज, सुपौल में डीसीएचबी आंकड़ा संग्रहण के लिए चार दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

 | 
जनगणना 2027 की तैयारी तेज, सुपौल में डीसीएचबी आंकड़ा संग्रहण के लिए चार दिवसीय प्रशिक्षण शुरू


जनगणना 2027 की तैयारी तेज, सुपौल में डीसीएचबी आंकड़ा संग्रहण के लिए चार दिवसीय प्रशिक्षण शुरू


सुपौल, 20 जुलाई (हि.स.)। सुपौल में जनगणना 2027 की तैयारियों को गति देते हुए जिला परिषद सभागार में सोमवार को जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के लिए आंकड़ा संग्रहण संबंधी चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी-सह-प्रधान जनगणना अधिकारी सावन कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया।यह प्रशिक्षण 20 से 23 जुलाई तक चलेगा।

इसमें सभी चार्ज जनगणना अधिकारियों द्वारा नामित क्षेत्रीय पदाधिकारियों, शिक्षकों, पंचायत सचिवों, कार्यपालक सहायकों, आवास सुपरवाइजरों, राजस्व कर्मचारियों तथा प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पहले दिन बसंतपुर, मरौना और प्रतापगंज प्रखंड के क्षेत्रीय पदाधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान राजस्व गांवों और नगर निकायों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं एवं संसाधनों, जैसे बिजली, सड़क, स्वास्थ्य केंद्र, विद्यालय, बैंकिंग सेवाएं, पेयजल, आंगनबाड़ी केंद्र, कृषि सहित अन्य विकासात्मक जानकारियों का संग्रह कर डीसीएचबी ऐप पर ऑनलाइन अपलोड करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि जनगणना के आंकड़े विकास योजनाओं के निर्माण, नीतिगत निर्णय और प्रशासनिक कार्यों का महत्वपूर्ण आधार होते हैं। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े एकत्र कर समय पर डीसीएचबी ऐप पर प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, निदेशक एनईपी, डीआरडीए, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, मरौना के प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी एवं प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे। प्रशिक्षण जनगणना निदेशालय, बिहार, पटना के प्रशिक्षकों द्वारा दिया जा रहा है। जिला प्रशासन के अनुसार, जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के लिए क्षेत्रीय स्तर पर आंकड़ा संग्रहण का कार्य 1 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक संचालित किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र