home page

सुपौल में तालाब में डूबने से 15 वर्षीय किशोर की मौत, एनडीआरएफ ने निकाला शव

 | 
सुपौल में तालाब में डूबने से 15 वर्षीय किशोर की मौत, एनडीआरएफ ने निकाला शव


सुपौल, 31 जुलाई (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत शुमहा वार्ड संख्या-12 में शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोर की तालाब में डूबने से मौत हो गई।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान शुमहा वार्ड-12 निवासी अमरेंद्र शाह के पुत्र प्रिंस कुमार (15) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि प्रिंस अपने साथियों के साथ घर से निकला था। इसी दौरान वह गांव के एक तालाब में स्नान करने चला गया। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

साथियों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की।घटना की सूचना मिलने पर प्रशासन ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम को बुलाया। टीम ने लंबे समय तक खोज अभियान चलाने के बाद किशोर को तालाब से बाहर निकाला। उसे तत्काल सदर अस्पताल, सुपौल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया किशोर की मौत तालाब में डूबने से हुई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पिपरा के प्रभारी अंचलाधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मृतक के परिजनों को आपदा राहत योजना के तहत मिलने वाली सरकारी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

उल्लेखनीय है कि इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र