home page

राजकीय पॉलिटेक्निक में तीन दिवसीय सघन भौतिक सत्यापन प्रक्रिया संपन्न, दो शाखाओं को मिलेगी वैश्विक पहचान

 | 
राजकीय पॉलिटेक्निक में तीन दिवसीय सघन भौतिक सत्यापन प्रक्रिया संपन्न, दो शाखाओं को मिलेगी वैश्विक पहचान


कटिहार, 01 नवंबर (हि.स.)। राजकीय पॉलिटेक्निक, कटिहार में इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग एवं मैकेनिकल इंजीनियरिंग शाखाओं के लिए राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड की तीन दिवसीय सघन भौतिक सत्यापन प्रक्रिया रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक चले इस मूल्यांकन के तहत एनबीए की तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय टीम (एक चेयरमैन और दो ब्रांच एक्सपर्ट) ने संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रयोगशालाओं, आधारभूत संरचना और 'आउटकम बेस्ड एजुकेशन' (ओबीई) के क्रियान्वयन की विस्तृत जांच की।

सत्यापन के अंतिम दिन आयोजित 'एनबीए एग्जिट मीटिंग' में विशेषज्ञों ने संस्थान की शिक्षण-अधिगम (टीचिंग-लर्निंग) प्रक्रिया को उत्कृष्ट बताते हुए छात्र-छात्राओं के उच्च अनुशासन और व्यवहार की विशेष सराहना की। टीम ने संस्थान के शैक्षणिक व प्रशासनिक कार्यों को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए।

संस्थान के प्राचार्य डॉ. रवि कुमार ने एनबीए टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों शाखाओं को मान्यता मिलने से संस्थान की साख राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित होगी। इससे उत्तीर्ण होने वाले छात्र-छात्राओं की डिग्री को वैश्विक स्तर पर मान्यता मिलेगी, जिससे उन्हें बहुराष्ट्रीय कंपनियों और उच्च तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में प्राथमिकता हासिल होगी। उन्होंने पूरी प्रक्रिया को सभी शिक्षकों, विभागाध्यक्षों और कर्मियों के अथक परिश्रम व सामूहिक टीम भावना का परिणाम बताया।

तीन दिवसीय निरीक्षण को सुचारू रूप से संचालित कराने में संस्थान के एनबीए समन्वयक इंजी. चंदन शॉ की भूमिका प्रमुख रही, जिन्होंने तीनों दिन एनबीए टीम के साथ समन्वय स्थापित कर अभिलेखों और प्रस्तुतियों का कुशल प्रबंधन किया।

विभागीय स्तर पर इलेक्ट्रॉनिक्स विभागाध्यक्ष इंजी. अभिषेक मंकर और मैकेनिकल विभागाध्यक्ष इंजी. नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में विभागीय टीमों ने लैब और पाठ्यक्रम से जुड़े दस्तावेजों का सफल सत्यापन कराया। इसके अलावा प्रथम वर्ष के शिक्षकों ने शैक्षणिक सहयोग तथा इंजी. हिमांशु, इंजी. कुंदन और इंजी. सुजीत ने टीम प्रबंधन व आतिथ्य की जिम्मेदारी कुशलतापूर्वक संभाली।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह