home page

बिहार की बाढ़ व कटाव समस्या पर सियासत तेज, बिहपुर की पूर्व प्रत्याशी अर्पणा कुमारी ने पीएम मोदी को पत्र लिख की स्थायी नदी प्रबंधन आयोग की मांग

 | 
बिहार की बाढ़ व कटाव समस्या पर सियासत तेज, बिहपुर की पूर्व प्रत्याशी अर्पणा कुमारी ने पीएम मोदी को पत्र लिख की स्थायी नदी प्रबंधन आयोग की मांग


भागलपुर, 10 सितंबर (हि.स.)।

बिहार में हर साल दस्तक देने वाली विनाशकारी बाढ़ और गंगा नदी के भीषण कटाव को लेकर सूबे की सियासत अब केवल राहत और बचाव कार्यों से आगे बढ़कर स्थायी समाधान की मांग पर केंद्रित होने लगी है।

इसी कड़ी में बिहपुर विधानसभा क्षेत्र से महागठबंधन की पूर्व प्रत्याशी अर्पणा कुमारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए एक पत्र लिखकर बिहार की इस गंभीर समस्या के दीर्घकालिक समाधान की पुरजोर वकालत की है।

अर्पणा कुमारी ने प्रधानमंत्री के गंगा नदी से गहरे आध्यात्मिक जुड़ाव का उल्लेख करते हुए लिखा कि वे स्वयं मां गंगा के अनन्य भक्त हैं और काशी जैसी पवित्र धर्मनगरी का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में वे गंगा नदी की पीड़ा, इसके स्वरूप और इससे प्रभावित होने वाले करोड़ों लोगों के जनजीवन के महत्व को भली-भांति समझते हैं।

उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि वर्तमान में बाढ़ और कटाव के कारण बिहार की जनता जिस बदहाली और बेबसी से गुजर रही है, उसे देखकर वे बेहद आहत हैं। पूर्व प्रत्याशी ने अपने पत्र में इस बात पर असंतोष जताया कि प्रत्येक वर्ष बाढ़ आने के बाद तात्कालिक राहत और बचाव के प्रयास तो किए जाते हैं, लेकिन आपदा टलते ही योजनाएं ठंडे बस्ते में चली जाती हैं। समस्या का कोई स्थायी और ठोस समाधान अब तक सामने नहीं आ सका है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि अब समय आ गया है जब बाढ़ को केवल एक मौसमी आपदा न मानकर, इसके स्थायी प्रबंधन पर काम किया जाए। अर्पणा कुमारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की है कि केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त पहल पर एक स्थायी संस्थागत व्यवस्था के रूप में 'गंगा एवं बिहार समेकित नदी प्रबंधन आयोग' का गठन किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार की विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए नदियों के प्रबंधन के लिए एक अलग और समेकित रणनीति बेहद जरूरी है। इस मांग को राजनीतिक रंग देने के बजाय जनहित से जोड़ते हुए उन्होंने पत्र में साफ किया कि यह विषय किसी एक राजनीतिक दल का नहीं है, बल्कि यह बिहार के अस्तित्व, इसके भविष्य और स्वयं मां गंगा की अविरलता व सेवा से जुड़ा हुआ है। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होना आवश्यक है।

अर्पणा कुमारी ने अपने इस एक्स पोस्ट में प्रधानमंत्री के साथ-साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी और भागलपुर जिला प्रशासन को भी टैग कर इस ओर तुरंत ध्यान देने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर