अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, 30 गिरफ्तारी के साथ लाखों की बरामदगी
किशनगंज, 01 जून (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, शराब तस्करी, मादक पदार्थों के कारोबार, अवैध लॉटरी और मोटरसाइकिल चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को उल्लेखनीय सफलता मिली है। इसके साथ ही वाहन जांच अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भी लगातार कार्रवाई की जा रही है।
सोमवार को किशनगंज पुलिस द्वारा जारी साप्ताहिक रिपोर्ट के अनुसार 25 मई से 31 मई 2026 तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान कुल 30 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं वाहन जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों से 60 हजार 500 रुपये शमन शुल्क के रूप में वसूले गए।
इस अवधि में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 43.57 ग्राम ब्राउन शुगर और 12.26 ग्राम स्मैक बरामद किया। शराब तस्करी पर शिकंजा कसते हुए 451.91 लीटर विदेशी शराब तथा 35 लीटर देशी शराब जब्त की गई। इसके अलावा अवैध गतिविधियों में प्रयुक्त एक कार, दो ट्रैक्टर और चार मोटरसाइकिल भी जब्त किए गए।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान 12 मोबाइल फोन, 62 हजार 900 रुपये भारतीय मुद्रा, 17 हजार 200 नेपाली रुपये तथा 11 कतर रियाल भी बरामद किए गए। अवैध लॉटरी कारोबार के खिलाफ चलाए गए अभियान में 1,430 लॉटरी टिकट और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू जब्त किया गया।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से विशेष अभियान लगातार जारी है। शराब, मादक पदार्थ, जुआ, लॉटरी और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। साथ ही वाहन जांच अभियान के माध्यम से यातायात नियमों के पालन को भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
एसपी ने स्पष्ट किया है कि अपराध और अवैध कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

