home page

लापता चार नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने सकुशल किया बरामद

 | 
लापता चार नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने सकुशल किया बरामद


किशनगंज, 27 मई (हि.स.)। शहर से लापता हुई चार नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने मंगलवार देर रात सकुशल बरामद कर लिया।

लड़कियों के मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें परिजनों को सौंपने की कार्रवाई शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को शहर की चार नाबालिग लड़कियां घर से निकली थीं और किशनगंज रेलवे स्टेशन पहुंच गईं। वहां से वे किसी ट्रेन में सवार होकर आगे निकल गईं। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने किशनगंज सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और लड़कियों की तलाश में लगातार अभियान चलाया। बुधवार को प्रभारी थानाध्यक्ष निसार अहमद ने बताया कि शिकायत दर्ज होने के बाद से ही पुलिस लगातार विभिन्न स्थानों पर खोजबीन कर रही थी।

इसी क्रम में मंगलवार की रात चारों लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि सभी लड़कियां घूमने के उद्देश्य से घर से निकली थीं। कम उम्र होने के कारण उन्हें यह समझ नहीं आ रहा था कि वे कहां जाना चाहती हैं। इसी दौरान वे ट्रेन में बैठ गईं और भूलवश पश्चिम बंगाल की ओर चली गईं। बाद में उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ, जिसके बाद वे वापस किशनगंज लौट आईं। इधर, पुलिस और परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए थे।

खोजबीन के दौरान पुलिस ने उन्हें बरामद कर लिया। हालांकि बरामदगी के बाद चारों लड़कियां काफी सहमी हुई थीं और किसी तरह की जानकारी देने से बच रही थीं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वहीं परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए लड़कियों की सकुशल बरामदगी पर खुशी जताई।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह