home page

दुर्गा पूजा को लेकर भागलपुर पुलिस अलर्ट, सिटी एसपी के नेतृत्व में चला सघन वाहन जांच अभियान

 | 
दुर्गा पूजा को लेकर भागलपुर पुलिस अलर्ट, सिटी एसपी के नेतृत्व में चला सघन वाहन जांच अभियान


भागलपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी दुर्गा पूजा के मद्देनजर भागलपुर पुलिस ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार सुबह से ही शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस द्वारा सघन सर्च और वाहन जांच अभियान चलाया गया।

इस अभियान के तहत पुलिस टीमों ने आने-जाने वाले वाहनों को रोककर उनकी गहन तलाशी ली और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी। यह विशेष अभियान सिटी एसपी अतुलेश झा और सिटी डीएसपी हेमंत के संयुक्त नेतृत्व में शहर के अलग-अलग संवेदनशील इलाकों में चलाया गया। पुलिस की इस मुस्तैदी का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना को रोकना और शहर में शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।

सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि दुर्गा पूजा और दशहरा को देखते हुए पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है। पुलिस न केवल उपद्रवियों पर नजर रख रही है, बल्कि आम लोगों को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही है। त्योहार के दौरान प्रमुख बाजारों, पूजा स्थलों, अत्यधिक भीड़भाड़ वाले इलाकों और शहर को जोड़ने वाले मुख्य मार्गों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।

पुलिस अधिकारियों ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय और पूर्व के अपराधियों की सूची तैयार कर उन पर कड़ी नजर रखें। दुर्गा पूजा के दौरान महिलाओं और आम नागरिकों के साथ होने वाली छिनतई, मोबाइल चोरी और अन्य घटनाओं को रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों को 'हॉटस्पॉट' के रूप में चिह्नित किया गया है। इन चिह्नित हॉटस्पॉट वाले इलाकों में पुलिस गश्ती (पेट्रोलिंग) बढ़ाने के साथ-साथ सादे लिबास में भी जवानों को तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।

त्योहार के दिनों में शहर के भीतर वाहनों और लोगों की आवाजाही काफी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस की तैनाती और वाहन जांच का सिलसिला लगातार जारी रहेगा। पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच करने के साथ-साथ सुचारू यातायात (ट्रैफिक व्यवस्था) सुनिश्चित करने पर भी काम करेगी। भागलपुर पुलिस ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि यदि त्योहार के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध व्यक्ति या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दें। पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और शांतिपूर्ण व सुरक्षित माहौल में दुर्गा पूजा एवं दशहरा संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर