हाईटेक हुई पुलिस दीदी, अब रियल टाइम होगी निगरानी
किशनगंज, 29 सितंबर (हि.स.)। महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए किशनगंज पुलिस ने पुलिस दीदी अभियान को हाईटेक मॉनिटरिंग सिस्टम से जोड़ दिया है। अब पुलिस दीदी की टीम की गश्त, क्षेत्र भ्रमण, गतिविधियों और कार्रवाई की निगरानी रियल टाइम में की जाएगी। जिले के आठ थाना क्षेत्रों में तकनीक आधारित मॉनिटरिंग व्यवस्था शुरू कर दी गई है। इससे पुलिस अधिकारियों को टीम की दैनिक गतिविधियों की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध होगी।
मंगलवार को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस दीदी के लिए विशेष मोबाइल एप तैयार किया गया है। सभी संबंधित पुलिसकर्मियों की लॉगिन आईडी बनाकर उनके मोबाइल में एप इंस्टॉल कराया गया है। टीम के सदस्य किस क्षेत्र में पहुंचे, कितनी देर वहां रहे, किन लोगों से संवाद किया और क्या कार्रवाई की, इसका विवरण एप के माध्यम से दर्ज होगा। पूरी व्यवस्था मैप आधारित है, जिससे टीम की लोकेशन और क्षेत्र भ्रमण का रिकॉर्ड भी देखा जा सकेगा। महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा के लिए जिले में 29 हॉट स्पॉट चिह्नित किए गए हैं। इन स्थानों पर पुलिस दीदी की टीम नियमित गश्त करेगी। स्कूल-कॉलेज, बाजार और सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं एवं छात्राओं से संवाद कर सुरक्षा संबंधी जानकारी दी जाएगी। किसी समस्या की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम के तहत 47 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें आठ पुलिस पदाधिकारी और 37 कॉन्स्टेबल शामिल हैं।
गश्त को प्रभावी बनाने के लिए 15 स्कूटी उपलब्ध कराई गई हैं। किशनगंज सदर को तीन, महिला थाना को दो, बहादुरगंज को दो, पोठिया को एक, ठाकुरगंज को तीन, दिघलबैंक को एक, कोचाधामन को दो और पौआखाली को एक स्कूटी दी गई है। मुख्यालय स्तर पर भी वाहन की व्यवस्था की गई है। एसपी संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस दीदी कार्यक्रम को इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम (ERSS) से भी जोड़ा गया है। आपात सूचना मिलने पर संबंधित टीम को तत्काल मौके पर भेजने की व्यवस्था रहेगी। ऑनलाइन ब्रीफिंग के माध्यम से पुलिसकर्मियों को निर्देश देने के साथ उनके कार्यों की नियमित समीक्षा भी की जा रही है। तकनीक आधारित यह व्यवस्था पुलिस दीदी की जवाबदेही बढ़ाने के साथ महिलाओं और बच्चियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने में मदद करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

