home page

ऑपरेशन नया सवेरा: बक्सर पुलिस ने तीन बाल श्रमिकों को कराया मुक्त, नियोजकों पर प्राथमिकी दर्ज

 | 

बक्सर, 11 जुलाई (हि.स.)। बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना द्वारा संचालित विशेष अभियान 'ऑपरेशन नया सवेरा 3.0' के तहत बक्सर पुलिस ने बाल श्रम एवं मानव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कृष्णा ब्रह्म थाना क्षेत्र के घरहरा गांव स्थित एक ई-रिक्शा रिपेयरिंग दुकान से कार्यरत तीन बाल श्रमिकों को सुरक्षित मुक्त कराया।

पुलिस अधीक्षक बक्सर के निर्देश पर बिहार पुलिस के कमजोर वर्ग प्रकोष्ठ एवं बाल संरक्षण की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर यह कार्रवाई की।

बाल श्रमिकों से अवैध रूप से काम कराने वाले नियोजकों के विरुद्ध कृष्णाब्रह्म थाना में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बक्सर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी दुकान, गैराज, होटल या घर में बाल श्रमिकों से काम कराए जाने की सूचना तुरंत पुलिस या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दें।

शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इस अभियान में पुलिस, मानव व्यापार निरोधी इकाई, श्रम विभाग, बाल संरक्षण इकाई तथा सामाजिक संस्था के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra