17.11 ग्राम स्मैक और टेम्पू के साथ महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार
कटिहार, 29 नवंबर (हि.स.)। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मनिहारी थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 17.11 ग्राम स्मैक, 1,550 रुपये नकद और एक टेम्पू के साथ एक महिला समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार पुरुष अभियुक्त की पहचान मनिहारी थाना क्षेत्र के नया टोला निवासी राजेंद्र साह के 26 वर्षीय पुत्र बबलू कुमार के रूप में की गई है, जबकि उसके साथ पकड़ी गई महिला तस्कर से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने बताया कि मनिहारी थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि कटिहार से एक पुरुष एवं एक महिला अवैध मादक पदार्थ लेकर मनिहारी की ओर आ रहे हैं। सूचना के सत्यापन एवं त्वरित कार्रवाई हेतु मनिहारी थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ मनिहारी रेलवे गुमटी के पास विशेष वाहन जांच अभियान चलाया।
वाहन जांच के क्रम में पुलिस बल को देखकर एक टेम्पू से उतरकर एक पुरुष और एक महिला भागने लगे। मौके पर तैनात पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा। विधिवत तलाशी लेने पर उनके पास से 17.11 ग्राम स्मैक और 1,550 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त टेम्पू को भी जब्त कर लिया है। इस संबंध में मनिहारी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत कांड दर्ज कर पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

