सारण में 24 घंटे के विशेष अभियान में पुलिस ने 60 अभियुक्तों को किया गिरफ्तार
सारण, 27 अप्रैल (हि.स.)। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने पिछले 24 घंटों के भीतर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 60 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह अभियान असामाजिक तत्वों की धरपकड़ और शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए चलाया गया।
एसएसपी कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में सबसे अधिक 28 वारंटी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, पुलिस ने हत्या के मामले में एक, हत्या के प्रयास में सात, और अपहरण जैसे गंभीर मामलों में छह अभियुक्तों को दबोचा है।
शराबबंदी के खिलाफ की गई कार्रवाई में छह शराब कारोबारियों और दस शराबियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 129 लीटर देशी शराब बरामद की गई है। अभियान के दौरान न केवल गिरफ्तारियां हुईं, बल्कि पुलिस ने 184 वारंट और 76 कुर्की का भी सफलतापूर्वक निष्पादन किया।
यातायात सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए गए वाहन चेकिंग अभियान में 77 वाहनों से कुल 2,13,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो पहर्ताओं को मुक्त कराया और एक ट्रक व दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं।
एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

