प्रधानमंत्री के विचार देशवासियों में कर्तव्यबोध और आत्मविश्वास का संचार करते हैं : विजय सिन्हा
पटना, 31 मई (हि.स.)। बिहार सरकार के मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता विजय कुमार सिन्हा ने रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय, पटना में पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “मन की बात” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों को जोड़ने वाला जनसंवाद का सशक्त मंच है, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन और राष्ट्र निर्माण की भावना को निरंतर मजबूत कर रहा है।
उन्होंने कहा कि अपने प्रेरणादायी संबोधन में प्रधानमंत्री ने भीषण गर्मी के दौरान जनसुरक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों, भारत की समृद्ध आम संस्कृति और उसके वैश्विक निर्यात, खेल जगत में उभरती नई प्रतिभाओं, सामाजिक नवाचारों, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण तथा पर्यावरण एवं जैव विविधता संरक्षण जैसे अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर देशवासियों का मार्गदर्शन किया। प्रधानमंत्री के विचार समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक करने के साथ-साथ राष्ट्रहित में योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में भारत की विविधता, सांस्कृतिक विरासत, युवाओं की प्रतिभा और जनभागीदारी की शक्ति को विशेष रूप से रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि देशभर में लाखों लोग अपने छोटे-छोटे प्रयासों से बड़े राष्ट्रीय लक्ष्यों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यही सामूहिक शक्ति विकसित भारत के निर्माण का आधार है।
मंत्री सिन्हा ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक धरोहरों की वापसी, ‘ज्ञान भारतम् अभियान’ के अंतर्गत हो रही ऐतिहासिक खोजों तथा गंगा डॉल्फिन संरक्षण जैसे विषय देश की गौरवशाली विरासत और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी को दर्शाते हैं। इन पहलों से देशवासियों में अपनी संस्कृति, इतिहास और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रत्येक संवाद देशवासियों में सकारात्मक ऊर्जा, आत्मविश्वास, कर्तव्यबोध और राष्ट्रसेवा की भावना का संचार करता है। “मन की बात” विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज के हर वर्ग को राष्ट्र निर्माण के अभियान से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन चुका है।
भाजपा कार्यकर्ता भी इसी भावना के साथ समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
इस मौके पर प्रदेश के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे और पीएम मोदी की मन कि बात को तन्मयता से सुना।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

