home page

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना में बढ़ी सब्सिडी, अब 3 किलोवाट या उससे अधिक के सोलर यूनिट पर मिलेंगे 98 हजार रुपये

 | 
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना में बढ़ी सब्सिडी, अब 3 किलोवाट या उससे अधिक के सोलर यूनिट पर मिलेंगे 98 हजार रुपये


सुपौल, 17 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को जिले में अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने को लेकर प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। सोमवार को उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने योजना की प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान सामने आया कि जिले में अब तक 10 हजार से अधिक लोगों द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया जा चुका है। आम लोगों के बीच योजना को लेकर बढ़ती रुचि को देखते हुए सरकार ने सोलर यूनिट लगाने पर मिलने वाली सब्सिडी की राशि में भी बढ़ोतरी की है।

समीक्षा के दौरान विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता आलोक कुमार ने बताया कि सरकार द्वारा योजना के तहत दी जाने वाली अधिकतम सब्सिडी की राशि में बढ़ोतरी की गई है। पूर्व में अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही थी, जिसे अब बढ़ाकर 98 हजार रुपये कर दिया गया है। इससे लोगों को अपने घरों पर सोलर यूनिट स्थापित करने में पहले की अपेक्षा अधिक आर्थिक सहायता मिलेगी।

कार्यपालक अभियंता ने बताया कि लोग अपनी बिजली की आवश्यकता के अनुसार छोटे या बड़े सोलर यूनिट स्थापित कर सकते हैं। योजना के तहत 1 किलोवाट क्षमता के सोलर यूनिट पर मिलने वाली सहायता राशि 30 हजार रुपये से बढ़ाकर 40 हजार रुपये कर दी गई है। वहीं 2 किलोवाट के यूनिट पर मिलने वाली सहायता राशि 60 हजार रुपये से बढ़ाकर 80 हजार रुपये कर दी गई है। इसी तरह 3 किलोवाट एवं उससे अधिक क्षमता के सोलर यूनिट पर मिलने वाली अधिकतम सहायता राशि 78 हजार रुपये से बढ़ाकर 98 हजार रुपये कर दी गई है।

सब्सिडी में हुई इस बढ़ोतरी से घरेलू उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अपनाने में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है। योजना के तहत सरकार द्वारा दी जाने वाली वित्तीय सहायता के अलावा सोलर यूनिट स्थापित करने के लिए शेष राशि की व्यवस्था बैंकों के माध्यम से आसान किस्तों में ऋण लेकर भी की जा सकती है। इससे आर्थिक रूप से सक्षम नहीं होने वाले परिवारों के लिए भी अपने घर की छत पर सोलर सिस्टम लगाना आसान होगा।

उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि योजना का जिले में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सब्सिडी में की गई बढ़ोतरी की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचनी चाहिए, ताकि यह सुविधा केवल कुछ लोगों तक सीमित न रहे और ज्यादा से ज्यादा परिवार प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठा सकें।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि योजना के प्रति जिले के लोगों में लगातार रुचि बढ़ रही है। अब तक 10 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। प्रशासन की ओर से लोगों को योजना की पात्रता, सब्सिडी और आवेदन की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी देने के लिए जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र