home page

पीएम आवास योजना: कटिहार में लाभुकों को मिली घर की चाभी और स्वीकृति पत्र

 | 
पीएम आवास योजना: कटिहार में लाभुकों को मिली घर की चाभी और स्वीकृति पत्र


कटिहार, 20 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लक्ष्य आवंटन और देशभर में 22 लाख 35 हजार आवासों के गृह प्रवेश कार्यक्रम का गुरुवार को पटना के बापू सभागार से केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का कटिहार समाहरणालय सभागार में सीधा प्रसारण किया गया, जिसके साथ ही जिले के लाभुकों को नवनिर्मित आवासों की प्रतीकात्मक चाभी तथा नए चयनित लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में पूर्व उप मुख्यमंत्री सह कटिहार विधायक तारकिशोर प्रसाद, कोढ़ा विधायक कविता देवी, प्राणपुर विधायक निशा सिंह और जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी सहित कई जन-प्रतिनिधि व वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सांकेतिक रूप से कंचन देवी, पल्लवी देवी, सलेहा खातुन, नुजहत बानो एवं ब्रजवाला पॉल को आवास की चाभी व बधाई पत्र दिया गया। वहीं पिंकी देवी, मिलन देवी, नाजमीन खातुन, रुखसोना देवी तथा पुतली देवी को योजना के तहत स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

इस अवसर पर उपस्थित लाभुकों को पक्के आवास के साथ-साथ सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे जीविका, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, विद्युत कनेक्शन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और स्वच्छ पेयजल से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया तथा अधिकारियों द्वारा इनकी आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने सभी स्वीकृत लाभुकों से अपील की कि वे अपने आवास का निर्माण कार्य तय मानकों के अनुसार निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करें। उन्होंने अधिकारियों व कर्मियों को निर्देश दिया कि लाभुकों को आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान कर निर्माण कार्य को गति दें, ताकि कोई भी पात्र परिवार लाभ से वंचित न रहे और ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंदों के जीवन स्तर में सुधार लाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह