home page

बाल विवाह मुक्त किशनगंज बनाने का लिया संकल्प, एसएसबी सभागार में जिला स्तरीय सेमिनार आयोजित

 | 
बाल विवाह मुक्त किशनगंज बनाने का लिया संकल्प, एसएसबी सभागार में जिला स्तरीय सेमिनार आयोजित


किशनगंज, 23 नवंबर (हि.स.)। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से सोमवार को राहत संस्था एवं जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन के संयुक्त तत्वावधान में 12वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 12 बी कंपनी, फॉरेनगोला स्थित सभागार में जिला स्तरीय कंसल्टेशन सेमिनार का आयोजन किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में एसएसबी जवानों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न घटक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी ने किशनगंज को बाल विवाह मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ राहत संस्था की सचिव डॉ. फरजाना के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य और अधिकारों को प्रभावित करने वाली गंभीर सामाजिक समस्या है। आगामी 27 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह मुक्ति दिवस के अवसर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है। इसमें प्रशासन, सुरक्षा बलों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी जरूरी है।

सेमिनार में शारदा ने बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 की जानकारी देते हुए बताया कि 18 वर्ष से कम उम्र की लड़की और 21 वर्ष से कम उम्र के लड़के का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है। बाल विवाह कराने, प्रोत्साहित करने या सहयोग करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। ऐसी किसी घटना की आशंका होने पर तत्काल प्रशासन को सूचना देनी चाहिए।

डिप्टी कमांडेंट स्वरूप रजक ने शिक्षा को बाल विवाह रोकने का सबसे प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने बच्चों का विद्यालय में नामांकन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। वहीं, असिस्टेंट कमांडेंट ने बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा और सोशल मीडिया के दुरुपयोग के प्रति अभिभावकों को सतर्क रहने की सलाह दी।

टुम्पा रजक ने कहा कि गरीबी, अशिक्षा, लैंगिक भेदभाव और सामाजिक रूढ़ियां बाल विवाह के प्रमुख कारण हैं। समाज की सोच बदलकर बालिकाओं को समान अवसर देना जरूरी है। वक्ताओं ने कमजोर परिवारों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा बच्चों की पढ़ाई जारी रखने में सहयोग देने की बात कही।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह