home page

'छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ मंजूर नहीं': अजीत शर्मा

 | 
'छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ मंजूर नहीं': अजीत शर्मा


भागलपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक मामले को लेकर देशव्यापी आक्रोश के बीच भागलपुर के पूर्व नगर विधायक अजीत शर्मा ने शुक्रवार को केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।

उन्होंने परीक्षा में धांधली का विरोध कर रहे छात्रों पर की जा रही पुलिसिया कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा की। पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने कहा कि पूरे देश में छात्र-छात्राएं अपने भविष्य और हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। वे परीक्षा में हुई धांधली को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन कर रहे हैं। लेकिन केंद्र सरकार उनकी जायज मांगों को सुनने और समस्या का समाधान करने के बजाय उन पर लाठीचार्ज करवा रही है।

उन्होंने इस दमनकारी नीति को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। अजीत शर्मा ने सरकार को घेरते हुए कहा कि जब छात्रों की आवाज बुलंद करने और उनके समर्थन में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सड़क पर उतरे, तो पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में ले लिया। सरकार की इस कार्रवाई की आलोचना करते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना और विरोध प्रदर्शन करना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। विपक्ष की आवाज को इस तरह दबाया नहीं जा सकता। कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक जैसा संवेदनशील और गंभीर मामला सामने आने के बाद भी अब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा नहीं लिया गया है। सरकार इस पूरे मुद्दे पर अपनी जवाबदेही से भाग रही है, जबकि देश के लाखों युवाओं के भविष्य का सवाल है और सरकार को इस पर स्थिति साफ करनी चाहिए।

अजीत शर्मा ने जोर देकर कहा कि छात्र ही इस देश का भविष्य हैं। उनके करियर और भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी छात्रों की मांगों और उनके अधिकारों के समर्थन में हमेशा मजबूती से खड़ी रहेगी और संसद से लेकर सड़क तक युवाओं की आवाज को दबने नहीं देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर