home page

रहीकपुर वन क्षेत्र में वृक्षारोपण महा अभियान में मंत्री ने की शिरकत,दस हजार लगाए गए पौधे

 | 
रहीकपुर वन क्षेत्र में वृक्षारोपण महा अभियान में मंत्री ने की शिरकत,दस हजार लगाए गए पौधे


अररिया 07 जून(हि.स.)।

अररिया आरएस स्थित रहिकपुर सुरक्षित वन क्षेत्र में वन एवं पर्यावरण विभाग की ओर से रविवार को वृक्षारोपण महाभियान चलाया गया।जिसमें बिहार सरकार के पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन मंत्री सह जिला के प्रभारी मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने इस हरित अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।

वन प्रमंडल पदाधिकारी चंचल प्रकाशम के संयोजन में आयोजित इस महाभियान के तहत एक ही दिन में दस हजार से अधिक फलदार व छायादार पौधों का रोपण कर नया रिकॉर्ड बनाया गया।इस दौरान पूरा वन क्षेत्र एक पेड़ मां के नाम के नारों से गूंज उठा।

प्रभारी मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने खुद अपने हाथों से मिट्टी खोदकर और पानी देकर पौधरोपण कर इस महाभियान का आगाज किया। मंच से जनता को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि जिस तरह एक मां निःस्वार्थ भाव से हमारा पालन-पोषण करती है, ठीक उसी तरह पेड़-पौधे भी हमें ऑक्सीजन और जीवन देते हैं। इसलिए धरती मां और अपनी जन्मदात्री मां के सम्मान में हर नागरिक को इस मानसून में कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए और उसकी रक्षा करनी चाहिए।

पारिस्थितिकी तंत्र को प्राकृतिक रूप से मजबूत और समृद्ध करने के लिए वन विभाग ने अभियान के तहत मुख्य रूप से महुआ, कटहल, जामुन और कदंब जैसे घने व फलदार पौधे रोपे। प्रभारी मंत्री ने स्वयं एसएसबी के जवानों के साथ मिलकर कदंब का पौधा लगाया।

स्कूल के बच्चों से लेकर एसएसबी के जवानों ने सामाजिक सहभागिता दिखाई। मौके पर मोहिनी देवी मेमोरियल स्कूल के छात्र-छात्राओं, प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने पूरे जोश के साथ कतारबद्ध होकर महुआ और कटहल के पौधे लगाए।

एसएसबी के जवानों और बिहार पुलिस के आला अधिकारियों व जवानों ने मंत्री के साथ मिलकर पौधारोपण किया और पर्यावरण की रक्षा का सामूहिक संकल्प लिया।

मौके पर आध्यात्मिक संस्था ब्रह्माकुमारी की बहनों ने प्रभारी मंत्री को स्मृति चिह्न भेंट कर इस बेहतरीन हरित पहल की सराहना की और उन्हें सम्मानित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर