home page

पिपरा की दो पंचायतों में लगा सहयोग शिविर, ग्रामीणों ने सड़क, आंगनबाड़ी व अन्य समस्याएं उठाईं

 | 
पिपरा की दो पंचायतों में लगा सहयोग शिविर, ग्रामीणों ने सड़क, आंगनबाड़ी व अन्य समस्याएं उठाईं


पिपरा की दो पंचायतों में लगा सहयोग शिविर, ग्रामीणों ने सड़क, आंगनबाड़ी व अन्य समस्याएं उठाईं


सुपौल, 05 अगस्त (हि.स.)। जिले के पिपरा प्रखंड अंतर्गत रतौली पंचायत एवं पथरा उत्तर पंचायत में बुधवार को सरकार के निर्देशानुसार सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर का उद्देश्य आम लोगों की शिकायतों को पंचायत स्तर पर प्राप्त कर उनका त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करना था।

सरकार के निर्देश के अनुसार प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतवार सहयोग शिविर आयोजित किया जाता है। इस बार मंगलवार को अवकाश रहने के कारण सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार के निर्देशानुसार बुधवार को शिविर आयोजित किया गया। पथरा उत्तर पंचायत सरकार भवन में आयोजित शिविर का नेतृत्व जिला प्रशासन के सीनियर डिप्टी कलेक्टर (ओएसडी) विकास कुमार कर्ण, राजस्व अधिकारी सह प्रभारी अंचलाधिकारी सुभाष चंद्र चौधरी तथा प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी मनीकांत कुमार ने किया।

शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण (पीएचईडी), मनरेगा, राजस्व, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन तथा बाल विकास परियोजना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मियों ने लोगों की शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त किए। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पंचायत की जर्जर एवं जलमग्न सड़कों की मरम्मत, आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में सुधार तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से संबंधित आवेदन और शिकायतें अधिकारियों को सौंपे। ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद ओएसडी विकास कुमार कर्ण ने भरोसा दिलाया कि जलभराव से प्रभावित एवं खराब सड़कों की मरम्मत जल्द कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। शिविर में पीएचईडी के जेई धीरज कुमार, उत्पाद विभाग के विकास कुमार, आपूर्ति विभाग के शंकर कुमार, रोजगार सेवक दीपक कुमार दिनकर, कार्यपालक सहायक रोशन कुमार, पंचायत सचिव संजीव कुमार, विद्युत विभाग के प्रशांत कुमार, सलाहकार उमेश कुमार, मुखिया मसरुद्दीन, कैलाशपुरी मेला सचिव सुनील कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र