home page

पिपरा में मजदूरों का प्रदर्शन, भूमिहीन परिवारों को पांच डिसमिल जमीन देने की मांग

 | 
पिपरा में मजदूरों का प्रदर्शन, भूमिहीन परिवारों को पांच डिसमिल जमीन देने की मांग


सुपौल, 13 अगस्त (हि.स.)। अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के नेतृत्व में गुरुवार को पिपरा प्रखंड कार्यालय के समक्ष मजदूरों, भूमिहीनों, गरीबों, किसानों और वंचित वर्गों ने विभिन्न मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के बाद संगठन की ओर से प्रखंड विकास पदाधिकारी को आठ सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों ने भूमिहीन गरीब परिवारों को पांच डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने की मांग की।

साथ ही सभी पंचायतों में भूमिहीन परिवारों के लिए आवासीय कॉलोनी विकसित करने और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि बढ़ाकर पांच लाख रुपये करने की मांग रखी गई। जमीन के स्वामित्व से जुड़े आवश्यक कागजात उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।

संगठन ने सीलिंग, भूदान और वासगीत पर्चे से प्राप्त जमीन पर पर्चाधारियों को दाखिल-खारिज कराने के साथ जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग उठाई। राशन सूची से गरीबों के नाम हटाने के आदेश को वापस लेने और सभी पात्र गरीब परिवारों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

मनरेगा के तहत मजदूरों को नियमित रोजगार देने और न्यूनतम 700 रुपये प्रतिदिन मजदूरी निर्धारित करने की मांग की गई। प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा, सम्मान और रोजगार की गारंटी सुनिश्चित करने की अपील भी की गई।

मजदूर-किसानों से पानी, सफाई और होल्डिंग कर की वसूली बंद करने तथा वृद्ध, दिव्यांग और विधवा पेंशन की राशि बढ़ाकर तीन हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग प्रदर्शनकारियों ने रखी। शिक्षा के निजीकरण पर रोक लगाने, सरकारी विद्यालयों की व्यवस्था बेहतर करने और प्रत्येक वार्ड में प्राथमिक विद्यालय खोलने की मांग भी उठाई गई। अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अति पिछड़े वर्गों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए कानून बनाने की मांग को भी आंदोलन में प्रमुखता से उठाया गया।

कार्यक्रम में इंद्रदेव शर्मा, सतनारायण यादव, राकेश कुमार, मिलन कुमार, नगिया देवी, लाल बहादुर यादव, अनिल कुमार सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र