पिपरा के रामपुर में भीषण अगलगी, चार घरों समेत लाखों की संपत्ति राख
सुपौल, 19 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में रविवार की देर रात भीषण अगलगी की घटना में चार घर जलकर राख हो गए। इस अगलगी में घरों में रखा अनाज, कपड़ा, फर्नीचर समेत अन्य घरेलू सामान भी जलकर नष्ट हो गया।
घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान होने की बात बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रविवार की देर रात अचानक एक घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास के चार घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि लोग उसके नजदीक जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। आग लगने के बाद गांव में अफरातफरी मच गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग पर काबू पाने का काफी प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली।
इसके बाद अग्निशमन विभाग को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक चारों घरों में रखा सामान जलकर राख हो चुका था।
इस अगलगी के कारण प्रभावित परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। घरों के साथ उनमें रखा घरेलू सामान भी नष्ट हो जाने से परिवारों के सामने मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

