चापाकल मरम्मति दल को जिलाधिकारी ने दिखाई हरी झंडी
भागलपुर, 09 मार्च (हि.स.)। समाहरणालय परिसर से जिलाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी ने सोमवार को हरी झंडी दिखाकर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग पूर्वी एवं पश्चिमी प्रमंडल के कुल 17 चापाकल मरम्मति दल को भागलपुर के सभी प्रखंडों के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर डीएम ने बताया कि लोक स्वास्थ्य प्रमण्डल, भागलपुर पूर्वी एवं पश्चिमी प्रमंडल के अन्तर्गत जिले में कुल 18,448 चापाकल स्थापित हैं, जिनमें से 16,327 चापाकल चालू अवस्था में हैं, जबकि 2,121 चापाकल बंद पाए गए हैं। सभी बंद चापाकलों की मरम्मति कर उन्हें शीघ्र चालू करने की कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए 17 चलंत चापाकल मरम्मती दलों को प्रखंडों में रवाना किया गया है, जिन पर तकनीकी आवश्यक सामग्री हैं। साथ ही चापाकल मरम्मति दल बैठे हुए हैं। इसके साथ ही जिला नियंत्रण कक्ष का नंबर भी प्रसारित किया जा रहा है, ताकि कोई भी व्यक्ति नियंत्रण कक्ष को सूचित कर चापाकल मरम्मति दल को अपने यहां चापाकल मरम्मति के लिए बुला सकता है।
इस अवसर पर संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, कार्यपालक अभियंता लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल पूर्वी एवं लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल पश्चिमी तथा संबंधित कर्मी मौजूद थे। भागलपुर पूर्वी में कुल चापाकल 10326 हैं। जिनमें चालू चापाकल की संख्या 9165 है एवं बंद चापाकल की संख्या 1161 है तथा मरम्मति के लिए 1161 चापाकल हैं। लोक स्वास्थ्य प्रमण्डल, भागलपुर पश्चिम एवं पूर्वी का नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या 0641-2420097 / 2420026 पर प्रत्येक कार्य दिवस में पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 5:00 बजे तक कार्यरत रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

