ठाकुरगंज में 10 भैंसों से लदी पिकअप जब्त, चालक गिरफ्तार, पश्चिम बंगाल तस्करी की आशंका
किशनगंज, 05 अगस्त (हि.स.)। जिले के ठाकुरगंज थाना पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 भैंसों से लदी एक पिकअप वैन जब्त की है। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि भैंसों को अवैध रूप से पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। पुलिस पूरे मामले को सीमावर्ती मवेशी तस्करी नेटवर्क से जोड़कर जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष अंजय अमन ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लोहागड़ा से खरना मार्ग होते हुए पानबारा-सोनापुर की ओर एक पिकअप वाहन से बड़ी संख्या में भैंसों की अवैध ढुलाई की जा रही है।
सूचना के बाद पुलिस टीम ने संभावित मार्ग पर घेराबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 10 भैंसें लदी मिलीं। जांच के दौरान चालक से मवेशियों के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई संतोषजनक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार चालक की पहचान बादल कुमार सिंह, पिता रामेश्वर सिंह, निवासी कुड़ीडांगी, थाना ठाकुरगंज, जिला किशनगंज के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार बरामद सभी 10 भैंसों को फिलहाल थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
न्यायालय के आदेश के बाद नियमानुसार उन्हें संबंधित गौशाला को सुपुर्द किया जाएगा। साथ ही मवेशियों के स्वामित्व और उनके परिवहन के स्रोत की भी जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और पश्चिम बंगाल में किसके पास पहुंचाया जाना था।
मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश में छापेमारी जारी है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में मवेशी तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे अवैध मवेशी तस्करी पर प्रभावी अंकुश की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

