home page

बाढ़ प्रभावित परिवारों की सूची का भौतिक सत्यापन शुरू

 | 

चम्पारण(बगहा), 6 अक्टूबर (हि.स.)। गंडक नदी में आई भीषण बाढ़ के बाद बगहा नगर परिषद क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित परिवारों की तैयार सूची का भौतिक सत्यापन शुरू कर दिया गया है। वार्ड पार्षदों द्वारा तैयार सूची में शामिल परिवार वास्तव में बाढ़ से प्रभावित हुए हैं या नहीं, इसकी जांच के लिए नगर परिषद की सर्वे टीम विभिन्न वार्डों में पहुंच रही है।

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सरोज कुमार बैठा के निर्देश पर सर्वे टीम का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या एक से आठ तथा 25 से 35 तक के बाढ़ प्रभावित परिवारों की सूची संबंधित वार्ड पार्षदों द्वारा तैयार कर नगर परिषद को उपलब्ध कराई गई है। सूची प्राप्त होने के बाद नगर परिषद स्तर पर टीम गठित कर उसका भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है।

टीम संबंधित वार्डों में पहुंचकर सूची में शामिल परिवारों के घरों की स्थिति, बाढ़ के दौरान जलजमाव और उससे हुए प्रभाव की जानकारी जुटा रही है। सत्यापन के दौरान वास्तविक बाढ़ प्रभावित परिवारों की स्थिति का मौके पर जायजा लिया जा रहा है।

नगर परिषद के सहायक अभियंता रंजीत कुमार राय ने बताया कि अब तक जिन क्षेत्रों में सत्यापन किया गया है, वहां सूची में दर्ज परिवारों के बाढ़ प्रभावित होने की स्थिति सही पाई गई है। उन्होंने बताया कि विभिन्न वार्डों में भौतिक सत्यापन का कार्य अभी जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी