home page

फसल क्षति अनुदान योजना को लेकर कृषि विभाग का भौतिक सत्यापन अभियान

 | 
फसल क्षति अनुदान योजना को लेकर कृषि विभाग का भौतिक सत्यापन अभियान


अररिया 05 मई(हि.स.)। फारबिसगंज प्रखंड में कृषि विभाग द्वारा संचालित फसल क्षति अनुदान योजना के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर भौतिक सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है।

इस अभियान के तहत प्रखंड के हलहलिया पंचायत के विभिन्न गांवों में किसानों द्वारा प्रस्तुत फसल क्षति के दावों की गहन जांच की जा रही है।

जांच प्रक्रिया के दौरान कृषि समन्वयक प्रियंका कुमारी, किसान सलाहकार मुरली मनोहर, सुप्रिया कुमारी सहित अन्य कृषि कर्मियों ने प्रभावित किसानों के खेतों का स्थल निरीक्षण किया।

उन्होंने खेतों में जाकर मक्का की क्षतिग्रस्त फसलों का बारीकी से आकलन किया और किसानों द्वारा किए गए दावों की वास्तविक स्थिति को परखा। यह पूरा अभियान जिला कृषि पदाधिकारी के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है, जिसमें विभिन्न स्तरों के अधिकारी और कृषि विभाग के कर्मचारी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।

टीम द्वारा हलहलिया पंचायत के लहसुनगंज, खास हलहलिया, बारा सहित कई गांवों में जाकर फसल क्षतिपूर्ति के लिए दिए गए आवेदनों का सत्यापन किया गया।

किसानों ने सैकड़ों डिसमिल में लगी मक्का फसल के नुकसान का दावा किया है, जिसे ध्यान में रखते हुए अधिकारी हर आवेदन की गंभीरता से जांच कर रहे हैं ताकि पात्र किसानों को समय पर उचित अनुदान मिल सके।

इस दौरान कई किसान भी मौके पर मौजूद रहे, जिनमें सुरेन्द्र विश्वास, पप्पू विश्वास, मुन्ना विश्वास, अजय मंडल, राजेश कुमार आदि प्रमुख रूप से शामिल थे। किसानों ने अपनी समस्याओं और फसल क्षति से जुड़ी जानकारी अधिकारियों को दी, जिसे टीम ने ध्यानपूर्वक दर्ज किया।

कृषि विभाग का यह प्रयास है कि फसल क्षति अनुदान योजना का लाभ केवल वास्तविक रूप से प्रभावित किसानों तक पहुंचे और किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो। इसके लिए पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न किया जा रहा है, ताकि किसानों को राहत मिल सके और उनकी आर्थिक स्थिति को संबल प्रदान किया जा सके।

डीएम विनोद दूहन के निर्देश पर कृषि विभाग के द्वारा पिछले दिनों आए भीषण आंधी और तूफान के साथ मूसलाधार बारिश के कारण हुए फसल क्षति के आकलन को लेकर भौतिक सत्यापन का कार्य में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर