जयप्रकाश विश्वविद्यालय में 15 जून से होगी पीजी सेमेस्टर परीक्षाएं
सारण, 27 मई (हि.स.)। जयप्रकाश विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग ने पीजी फर्स्ट सेमेस्टर सत्र 2025-27 और पीजी सेकेंड सेमेस्टर सत्र 2024-26 की परीक्षाओं का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है।
परीक्षा नियंत्रक डॉ अशोक कुमार मिश्रा के अनुसार दोनों ही परीक्षाएं 15 जून से दो पालियों सुबह 10 से 1 बजे और दोपहर 2 से 5 बजे में आयोजित होंगी। इन परीक्षाओं का एडमिट कार्ड 5 जून तक जारी कर दिया जाएगा।
सीबीसीएस पैटर्न पर होने वाली इस परीक्षा में मुख्य विषयों के साथ एडिशनल अनिवार्य विषय भी शामिल होंगे। यह परीक्षा 15 से 20 जून तक चलेगी। परीक्षा के लिए विषयों को दो ग्रुपों में बांटा गया है।
छपरा और सारण के छात्रों का केंद्र जेपीयू का मल्टीपरपस परीक्षा भवन बना है, जबकि सीवान व गोपालगंज के छात्रों की परीक्षा सोशल साइंस ब्लॉक में होगी।
मुख्य परीक्षा के बाद 23 से 24 जून तक संबंधित विभागों में प्रैक्टिकल परीक्षाएं ली जाएंगी। यह परीक्षा 15 से 22 जून तक आयोजित की जाएगी। इसके लिए सारण जिले के छात्रों का परीक्षा केंद्र जगदम कॉलेज और सीवान व गोपालगंज के छात्रों के लिए गंगा सिंह कॉलेज छपरा को केंद्र बनाया गया है। इसमें कोर कोर्स 5 से 9 और एडिशनल विषय की परीक्षा होगी। इसकी प्रायोगिक परीक्षा 25 और 26 जून को आयोजित होगी। सभी संबंधित कॉलेजों और 17 पीजी विभागों को अधिसूचना भेज दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

