home page

लापरवाही, ट्रेन के नीचे से गुजरते दिखे लोग

 | 
लापरवाही, ट्रेन के नीचे से गुजरते दिखे लोग


भागलपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। भागलपुर में रेलवे जंक्शन पर एक बार फिर सिविक सेंस की भारी कमी और सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी सामने आई है। भागलपुर जंक्शन पर गुरुवार सुबह-सुबह ऐसा खतरनाक नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। जब यात्री गाड़ियां या मालगाड़ियां प्लेटफॉर्म पर खड़ी होती हैं, तो लोग जल्दबाजी में एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए ट्रेन के नीचे से गुजरते नजर आते हैं। यह न सिर्फ नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सीधे तौर पर अपनी जान जोखिम में डालने जैसा है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस दौरान रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की ओर से कोई सख्त कार्रवाई या रोक-टोक नजर नहीं आई।

रेलवे प्रशासन की ओर से बार-बार यात्रियों को फुटओवर ब्रिज या सबवे का इस्तेमाल करने की अपील की जाती है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां करती है। जागरूकता की कमी और लापरवाही के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। जरूरत है कि प्रशासन सख्ती दिखाए और यात्रियों में जागरूकता बढ़ाने के लिए अभियान चलाए, ताकि इस तरह की जानलेवा लापरवाही पर रोक लगाई जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर