home page

3.11 लाख से अधिक पेंशनधारियों के खातों में अंतरित हुए 34.31 करोड़ रुपये

 | 
3.11 लाख से अधिक पेंशनधारियों के खातों में अंतरित हुए 34.31 करोड़ रुपये


अररिया 10 नवम्बर(हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा मंगलवार को राज्यस्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि अंतरित की गई। इस अवसर पर जिले में कार्यक्रम का आयोजन परमान सभागार में किया गया।

कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी विनोद दूहन, सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं लाभुक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यस्तरीय कार्यक्रम में शामिल हुए।कार्यक्रम के दौरान छठ से पहले पेंशनधारियों के चेहरे मुस्कुरा उठे।जिले के 3.11 लाख से अधिक पेंशनधारियों के खातों में 34.31 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से मिले।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी विनोद दूहन ने अपने संबोधन में कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं समाज के कमजोर, जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल हैं। पेंशन राशि 11 सौ रुपये प्रतिमाह किए जाने से वृद्धजनों, विधवाओं एवं दिव्यांगजनों को अपनी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में काफी सहूलियत हुई है। यह राशि उनके लिए नियमित आर्थिक सहायता का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने कहा कि डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि सीधे लाभुकों के बैंक खातों में अंतरित होने से भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित हुई है। इससे लाभुकों को समय पर पेंशन की राशि प्राप्त हो रही है। जिला पदाधिकारी ने सभी पेंशनधारियों से संवाद भी किया तथा पेंशन की राशि से उनके जीवन में आने वाले सकारात्मक बदलावों के संबंध में जानकारी ली।

अक्टूबर माह के पेंशन भुगतान के तहत जिले में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के कुल 3 लाख 11 हजार 984 लाभुकों के बैंक खातों में कुल 34 करोड़ 31 लाख 82 हजार 400 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई। इसमें मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 1 लाख 69 हजार 441 लाभार्थियों को 18 करोड़ 63 लाख 85 हजार 100 रुपये तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 77 हजार 011 लाभार्थियों को 8 करोड़ 47 लाख 12 हजार 100 रुपये प्राप्त हुए।

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 23 हजार 124 लाभार्थियों के खातों में 2 करोड़ 54 लाख 36 हजार 400 रुपये तथा लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 12 हजार 843 लाभार्थियों को 1 करोड़ 41 लाख 27 हजार 300 रुपये अंतरित किए गए। वहीं बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के 28 हजार 261 लाभार्थियों को 3 करोड़ 10 लाख 87 हजार 100 रुपये तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 1 हजार 304 लाभार्थियों को 14 लाख 34 हजार 400 रुपये की राशि प्रदान की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर