home page

पेंशन उत्सव पर 3.08 लाख से अधिक लाभुकों के खातों में 39.95 करोड़ रुपये की राशि हुई हस्तांतरित

 | 
पेंशन उत्सव पर 3.08 लाख से अधिक लाभुकों के खातों में 39.95 करोड़ रुपये की राशि हुई हस्तांतरित


अररिया 10 अक्टूबर(हि.स.)।

समाहरणालय परिसर स्थित परमान सभागार में शनिवार को आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान सितंबर माह के पेंशन भुगतान के लिए जिले के कुल 3,08,425 लाभुकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से कुल 39 करोड़ 95 लाख 14 हजार 500 रुपये की राशि हस्तांतरित की गई।

मुख्यमंत्री द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में राशि अंतरित की गई। इस अवसर पर वृद्धजनों, विधवाओं, दिव्यांगजनों एवं अन्य पात्र लाभुकों को मिलने वाली पेंशन राशि में वृद्धि के महत्व पर प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी विनोद दूहन ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभुकों को शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं समाज के वृद्धजनों, विधवाओं, दिव्यांगजनों एवं अन्य जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक संबल प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ ससमय पहुंचाने तथा लाभुकों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

अररिया जिले में सितंबर माह के पेंशन भुगतान के तहत मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 1,68,346 लाभुकों के खातों में 19 करोड़ 34 लाख 22 हजार 100 रुपये, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 75,766 लाभुकों के खातों में 8 करोड़ 35 लाख 58 हजार 500 रुपये तथा लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 12,651 लाभुकों के खातों में 1 करोड़ 44 लाख 54 हजार 600 रुपये अंतरित किए गए।

इसी प्रकार, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 22,664 लाभुकों को 2 करोड़ 53 लाख 88 हजार 400 रुपये, बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के 27,716 लाभुकों को 3 करोड़ 12 लाख 78 हजार 500 रुपये तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 1,282 लाभुकों के खातों में 14 लाख 12 हजार 400 रुपये अंतरित किए गए।इस प्रकार जिले की सभी छह सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत कुल 3,08,425 लाभुकों को 39.95 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का भुगतान किया गया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्त्ता, सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभुक उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर