home page

चेहल्लुम पर्व को लेकर अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक

 | 
चेहल्लुम पर्व को लेकर अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक


भागलपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। जिले के कहलगांव प्रखंड कार्यालय स्थित ट्रायसम भवन में सोमवार को चेहल्लुम पर्व को लेकर अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।क्षबैठक में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधी और अखाड़ा समिति के प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे एसडीएम कृष्ण चन्द्र गुप्ता ने कहा कि चेहल्लुम के दौरान निकलने वाले सभी अखाड़ों के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। बिना लाइसेंस किसी भी अखाड़े को जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी जुलूस प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट और तय समय के अनुसार ही निकाले जाएंगे।

एसडीएम ने कहा कि पर्व के दौरान डीजे के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा जुलूस में किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की है। एसडीएम ने बताया कि सभी संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। पूरे आयोजन की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी के माध्यम से की जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

एसडीपीओ दिलीप कुमार ने कहा कि धार्मिक स्थलों और प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। प्रत्येक जुलूस की वीडियोग्राफी कराई जाएगी. उन्होंने बताया कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों से बंध पत्र भरवाकर उन पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रणव प्रसाद यादव ने लोगों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की। बैठक में एसडीपीओ-2 स्नेह सेतू, प्रमुख नूतन देवी, नगर पंचायत अध्यक्ष संजीव कुमार, बीडीओ राजीव रंजन, अभिमन्यु कुमार, कन्हैया कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी जुल्फिकार अली प्यामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर