home page

पवन खेड़ा पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में असम के मुख्यमंत्री का पुतला दहन

 | 
पवन खेड़ा पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में असम के मुख्यमंत्री का पुतला दहन


पटना, 07 अप्रैल (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा पर असम पुलिस की कार्रवाई तथा असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के विरोध में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में जोरदार विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने किया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं असम सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बताया। प्रदर्शन के दौरान असम सरकार का पुतला भी दहन किया गया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा पर असम पुलिस की कार्रवाई पूरी तरह से राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारें विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि यह घटना लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और विपक्ष की आवाज को कुचलने का प्रयास है। कांग्रेस पार्टी इस तरह की बदले की राजनीति का कड़ा विरोध करती है और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

राजेश राम ने कहा कि भाजपा सरकारें आलोचना से घबराकर विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी इस तरह के दबाव में आने वाली नहीं है और लोकतंत्र की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी।

पुतला दहन कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के सचिव पूनम पासवान, ब्रजेश प्रसाद मुनन, राजेश राठौड़, असितनाथ तिवारी, कुमार आशीष,मनोज शर्मा, वैद्यनाथ शर्मा, ज्ञान रंजन, पंकज यादव, अरविन्द लाल रजक,चन्द्रभूषण राजपूत,मृणाल अनामय, डा अमन कुमार, विमलेश तिवारी, नदीम अख्तर अंसारी,निधि पाण्डेय, प्रेमचन्द सिंह, चन्द्रिका यादव, वसीम अहमद, शम्मी कपूर सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसजन मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त