home page

पटना में एलपीजी आपूर्ति को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

 | 
पटना में एलपीजी आपूर्ति को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश


पटना, 19 मार्च (हि.स.)। एलपीजी गैस की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सभी पुलिस अधीक्षकों, अनुमंडल पदाधिकारियों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, गैस कंपनियों के अधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों एवं थानाध्यक्षों सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि एलपीजी गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी (हॉर्डिंग) अथवा अधिक मूल्य पर बिक्री की किसी भी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और सभी गैस एजेंसियों एवं कंपनियों के पास पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है। आम लोगों से अपील की गई कि वे अनावश्यक घबराहट में पैनिक बुकिंग न करें।

प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि घरेलू एलपीजी गैस की पारदर्शी एवं सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरा प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है।

हेल्पलाइन नंबर: 0612-2219810

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त