चैती छठ को लेकर पटना में तैयारियां तेज, जिलाधिकारी ने गंगा घाटों का किया निरीक्षण
पटना, 19 मार्च (हि.स.)। पटना में चैती छठ पर्व के मद्देनजर तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., पटना ने नगर आयुक्त एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों के साथ गंगा घाटों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों को समन्वित एवं मानक आधारित तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पर्व के दौरान उत्कृष्ट भीड़ प्रबंधन, सुचारू यातायात संचालन एवं सुदृढ़ विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश न रहे।
छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए दानापुर से पटना सिटी तक लगभग 54 गंगा घाटों को प्रशासनिक दृष्टिकोण से 19 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में सेक्टर पदाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारी की तैनाती कर निगरानी सुनिश्चित की जा रही है।
घाटों के निर्माण, संपर्क पथों की सुगमता, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, शौचालय, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था जैसे आवश्यक कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

