दीक्षांत परेड के साथ 10 प्लाटून के प्रशिक्षु सिपाही बने बिहार पुलिस का हिस्सा
सीवान, 24 जून (हि.स.)। पुलिस केंद्र, सीवान में बुधवार को प्रशिक्षु सिपाहियों की दीक्षांत पासिंग आउट परेड का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद प्रशिक्षु सिपाहियों ने परेड के माध्यम से अपनी दक्षता, अनुशासन और प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में सारण क्षेत्र, छपरा के पुलिस उप-महानिरीक्षक नीलेश कुमार, जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय तथा पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। इस दौरान प्रशिक्षु सिपाहियों की शारीरिक क्षमता, परेड संचालन कौशल, अनुशासन और प्रशिक्षण के दौरान अर्जित दक्षताओं का बारीकी से अवलोकन किया गया। दीक्षांत परेड में कुल 10 प्लाटूनों ने हिस्सा लिया। परेड का नेतृत्व प्रथम परेड कमांडर सिपाही संजीव कुमार एवं द्वितीय परेड कमांडर सिपाही मनीष कुमार ने किया। प्रशिक्षु सिपाहियों के समन्वित कदमताल और अनुशासित प्रदर्शन ने उपस्थित अधिकारियों एवं अतिथियों को प्रभावित किया। अपने संबोधन में अधिकारियों ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशिक्षु सिपाहियों को पुलिस विभाग की गौरवशाली परंपराओं, नैतिक मूल्यों और संवैधानिक दायित्वों के अनुरूप कार्य करने की सीख दी।
साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील, निष्पक्ष और जवाबदेह पुलिसिंग का संकल्प लेने का आह्वान किया। अधिकारियों ने प्रशिक्षु सिपाहियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। दीक्षांत पासिंग आउट परेड के सफल आयोजन के साथ सभी प्रशिक्षु सिपाहियों ने बिहार पुलिस के एक जिम्मेदार, अनुशासित और समर्पित सदस्य के रूप में अपनी नई पारी की शुरुआत की।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

