परसरमा चौक से चिकनी-सिंहेश्वर तक सड़क चौड़ीकरण की मांग
सुपौल, 10 अक्टूबर (हि.स.)। सदर प्रखंड के परसरमा चौक से बरुआरी होते हुए चिकनी-सिंहेश्वर तक जाने वाली मुख्य सड़क के चौड़ीकरण की मांग उठाई गई है।
इस संबंध में जिला पदाधिकारी को मांग पत्र सौंपकर सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध किया गया है। मांग पत्र में कहा गया है कि उक्त सड़क पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
संकरी सड़क के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। क्षेत्र में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होने से स्थानीय लोगों में चिंता व्याप्त है। मांग पत्र में हाल ही में गंगा पट्टी गांव के पास बस की ठोकर से एक महिला की मौत की
घटना का भी उल्लेख किया गया है। इस घटना के बाद सड़क पर आवागमन करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि सड़क का चौड़ीकरण होने से वाहनों के आवागमन में सुविधा होगी और दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिलेगी।
जिला पदाधिकारी से जनहित को ध्यान में रखते हुए परसरमा चौक से बरुआरी होते हुए चिकनी-सिंहेश्वर तक जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण के लिए यथाशीघ्र आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया गया है। साथ ही सड़क पर चलने वाले पशुओं और पैदल राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत पर भी जोर दिया गया है।
मांग पत्र के माध्यम से संबंधित विभाग से सड़क चौड़ीकरण की दिशा में ठोस कदम उठाने की अपेक्षा जताई गई है, ताकि क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

