परसा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
सुपौल, 15 जून (हि.स.)। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव मो. अफजल आलम के मार्गदर्शन में परसा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, न्याय तक पहुंच और निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पैनल अधिवक्ता शक्ति कुमारी शारिका ने कहा कि “घर-घर में न्याय की जागृति” एक राष्ट्रव्यापी जनजागरण अभियान है, जिसका उद्देश्य कानूनी जागरूकता को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाकर एक जागरूक और सशक्त नागरिक समाज का निर्माण करना है। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्वशासन संस्थाओं के सहयोग से इस अभियान को जमीनी स्तर पर संचालित किया जा रहा है, ताकि लोगों को उनके अधिकारों और उपलब्ध कानूनी उपायों की जानकारी आसानी से मिल सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों और समाज के कमजोर वर्गों तक कानूनी शिक्षा एवं सहायता पहुंचाना इस अभियान की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक माह स्थानीय स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे आम नागरिक कानून संबंधी आवश्यक जानकारियों से परिचित हो सकें और जरूरत पड़ने पर उनका लाभ उठा सकें।
शक्ति कुमारी शारिका ने बताया कि कानूनी जानकारी के अभाव में कई लोग अपने अधिकारों से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में यह अभियान लोगों को जागरूक बनाकर न्याय व्यवस्था से जोड़ने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को बताया गया कि घरेलू हिंसा, भूमि विवाद, सामाजिक भेदभाव, शोषण या किसी भी अन्य कानूनी समस्या की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि यह पहल भारतीय संविधान के अनुच्छेद 39(ए) की भावना के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक या सामाजिक कारणों से कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के अंत में लोगों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और आवश्यकता पड़ने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क कर उपलब्ध कानूनी सहायता का लाभ उठाने की अपील की गई। इस अवसर पर मो. मोअज्जम, मिथलेश कुमार चौधरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

