home page

जोकीहाट के भगवानपुर में में डीएम ने पशुपालन से आय वृद्धि और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य योजनाओं की दी जानकारी

 | 
जोकीहाट के भगवानपुर में में डीएम ने पशुपालन से आय वृद्धि और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य योजनाओं की दी जानकारी


अररिया, 25 अक्टूबर(हि.स.)।

जिले के जोकीहाट प्रखंड के भगवानपुर पंचायत में रविवार को आयोजित पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम में डीएम विनोद दूहन ने शिरकत की।

राष्ट्रगीत के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा इनका लाभ उठाकर अपनी आजीविका को सुदृढ़ करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विशेष रूप से दूध उत्पादन एवं पशुपालन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने पशुपालकों को सुधा से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करते हुए बताया कि इससे दूध की बिक्री के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हो सकती है। साथ ही सहकारिता के माध्यम से दूध की खरीद की व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी दी गई।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि पशुपालन के लिए केसीसी योजना के तहत पात्र पशुपालकों को निर्धारित प्रावधानों के तहत 32 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। उन्होंने पशुओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पशु के बीमार पड़ने पर जिले में चिकित्सक की सुविधा उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त 288 रूपये में पशु का एक वर्ष का बीमा कराने की जानकारी भी दी गई, ताकि पशुपालक संभावित आर्थिक नुकसान से सुरक्षित रह सकें।

उन्होंने किसानों को सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देने तथा कृषि के साथ-साथ पशुपालन को आय का अतिरिक्त स्रोत बनाने के लिए प्रेरित किया। स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी देते हुए ग्रामीणों को उपलब्ध डिजिटल स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण भी किया गया।

मौके पर सदर एसडीएम, डीएसओ,बीडीओ, सीओ सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर