home page

पंचायत समिति की बैठक में जनसमस्याओं पर मंथन, खाद की कालाबाजारी और अतिक्रमण का मुद्दा गरमाया

 | 
पंचायत समिति की बैठक में जनसमस्याओं पर मंथन, खाद की कालाबाजारी और अतिक्रमण का मुद्दा गरमाया


सुपौल, 27 जुलाई (हि.स.)। जिले के छातापुर प्रखंड स्थित मनरेगा कार्यालय सभागार में सोमवार को पंचायत समिति की सामान्य बैठक प्रखंड प्रमुख आशिया देवी की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

बैठक का संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राकेश गुप्ता ने किया। बैठक में अंचल अधिकारी रविराज, थानाध्यक्ष प्रमोद झा, उपप्रमुख संजय यादव, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक की शुरुआत पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि के साथ हुई, जिसके बाद क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान कई विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर पंचायत समिति सदस्यों ने नाराजगी जताई। इस पर बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता ने अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने तथा इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजने का आश्वासन दिया।

महिला जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधियों को बैठक कक्ष से बाहर किए जाने का मुद्दा भी सदन में उठा।बीडीओ ने बताया कि प्रखंड में लगभग 83 प्रतिशत पात्र परिवारों के पास राशन कार्ड उपलब्ध है।

शेष पात्र परिवारों के लिए चार हजार नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसके लिए अब तक करीब 1400 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने के कारण टल गई थी। पंचायत समिति के प्रस्ताव के आधार पर अब अनुमंडल प्रशासन से पुलिस बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया जाएगा।

साथ ही चेतावनी दी कि अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जा करने वालों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा-126 के तहत कार्रवाई की जाएगी।बैठक में किसानों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठे।

लक्ष्मीपुर खूंटी पंचायत के मुखिया सह मुखिया संघ अध्यक्ष किशोर कुमार मुन्ना, उधमपुर पंचायत के मुखिया महानंद प्रसाद यादव, चुन्नी पंचायत के मुखिया शंभू कुमार सिंह तथा पंचायत समिति सदस्यों ने आरोप लगाया कि यूरिया और डीएपी निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बेचे जा रहे हैं, जिससे किसानों का आर्थिक शोषण हो रहा है।

कृषि फीडर के तहत बिजली आपूर्ति में देरी,अवैध वसूली, ट्रांसफार्मर और अन्य सामग्री की कमी तथा सिंचाई के लिए नहरों में पानी नहीं मिलने की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई।सदस्यों ने बस पड़ाव के स्थानांतरण, विवाह मंडप निर्माण, अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) के अभाव में लंबित विकास योजनाओं, कबीर अंत्येष्टि योजना के लिए अपर्याप्त राशि, कन्या विवाह योजना के आठ हजार लंबित आवेदनों के भुगतान तथा गैड़ा और सुरसर नदी में कटाव की समस्या पर भी प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया।

इस पर बीडीओ ने बताया कि अब 16वें वित्त आयोग से प्राप्त राशि के माध्यम से उन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां विकास कार्य अपेक्षाकृत कम हुए हैं।

बैठक में प्रखंड कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार, मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी शिव नारायण लाल, विधायक प्रतिनिधि केशव कुमार गुड्डू, जनता दल अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार आनंद, भारतीय जनता पार्टी मंडल अध्यक्ष पवन कुमार हजारी, राजेश्वरी थानाध्यक्ष युगल किशोर, ललितग्राम थानाध्यक्ष अंजलि कुमारी, बिहार ग्रामीण बैंक एवं भारतीय स्टेट बैंक के प्रतिनिधि, बीएचएम रविंद्र कुमार, कनीय अभियंता ब्यूटी कुमारी, प्रभात कुमार, मध्याह्न भोजन प्रभारी मनोज गुप्ता, भारतीय खाद्य निगम के नरेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र