home page

भवानीपुर देसरी पंचायत में 'पंचायत विकास दिवस' आयोजित, जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने किया योजनाओं का शुभारंभ

 | 
भवानीपुर देसरी पंचायत में 'पंचायत विकास दिवस' आयोजित, जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने किया योजनाओं का शुभारंभ


भागलपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। जिले के जगदीशपुर प्रखंड अंतर्गत भवानीपुर देसरी पंचायत में रविवार को 'पंचायत विकास दिवस' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायती राज पदाधिकारी विकास कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर पंचायत की नई डिजिटल लाइब्रेरी सहित विभिन्न विकास योजनाओं का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम में प्रशासनिक टीम और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भारी उपस्थिति रही। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी डॉ. प्रियांशु राज, अंचल अधिकारी सतीश कुमार और प्रखंड प्रमुख गुड़िया देवी मौजूद थीं। इनके अलावा विश्वस्तरीय समिति के अध्यक्ष गुरुदेव मंडल, उपाध्यक्ष बैजनाथ मंडल, सरपंच बिहारी यादव सहित पंचायत के कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित जनसुनवाई में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को सीधे प्रशासन के सामने रखा। ग्रामीण नीरज कुमार पासवान ने बताया कि बड़े हसनपुर में सड़क और नाला नहीं होने से आवागमन ठप रहता है। वहीं कारू सिंह ने शिकायत की कि नूरुद्दीनपुर के वार्ड संख्या-7 में जलजमाव के कारण लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। प्रदीप यादव ने क्षेत्र में गहराते पेयजल संकट का मुद्दा उठाया। वहीं कन्हैया लाल मंडल ने बताया कि वार्ड संख्या-8 (बड़े हसनपुर) में चार महीने पहले पाइपलाइन तो बिछा दी गई, लेकिन अब तक जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। इस पर पीएचईडी जेई फिरदौस आलम ने आश्वासन दिया कि इस समस्या का जल्द ही समाधान कर काम पूरा कर लिया जाएगा। किसान श्रीलाल ने खेती के लिए पानी की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि समय पर सिंचाई का पानी न मिलने से फसलें प्रभावित हो रही हैं। ग्रामीणों की शिकायतें सुनने के बाद जिला और प्रखंड स्तर के अधिकारियों ने सभी संबंधित मामलों की जांच कर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया। कार्यक्रम में पंचायत स्तर पर चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई और उपस्थित ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक भी किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर